मरौरी और बरखेड़ा ब्लाक में प्रथम चरण के नामांकन पत्र जमा होने के साथ ही अन्य ब्लाकों में नामांकन पत्रों की बिक्री भी सोमवार से शुरू हो गई। पहले दिन सभी पांचों ब्लाक में नामांकन पत्र खरीदने को लोग ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे।
चार चरणों में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए नौ नवंबर से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू करने के निर्देश थे। लेकिन शुरूआत में मरौरी और बरखेड़ा ब्लाक में ही नामांकन पत्र बिके। सोमवार से सभी अमरिया, ललौरीखेड़ा, बीसलपुर, बरखेड़ा व पूरनपुर ब्लाक में नामांकन पत्र बिकने शुरू हो गए। सोमवार से ही पहले चरण के चुनाव के लिए मरौरी ब्लाक में नामांकन जमा होने के साथ ही प्रधान पद के 42 और सदस्य पद के 102 नामांकन बिक्री हुए। इसी प्रकार बरखेड़ा में प्रधान पद के 29 और सदस्य पद के 134 नामांकन बिके।
बीसलपुर। ब्लाक परिसर में नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए दो काउंटर बनाए गए थे। बीडीओ सीके श्रीवास्तव ने बताया कि आज पहले दिन ग्राम प्रधान पद के लिए 140 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 43 नामांकन पत्र बिके। इधर सछास जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने नामांकन पत्रों का अधिक शुल्क वसूलने का आरोप लगाकर ब्लाक परिसर में हंगामा किया और डीएम से शिकायत की।
बिलसंडा। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तौलेराम गंगवार ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए दो काउंटर बनाए गए थे। ग्राम प्रधान पद के 344 और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 139 नामांकन पत्र बिके।