जिले भर में शुक्रवार को करवा चौथ पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। पति की दीघार्यु की कामना लिए महिलाओं ने करवाचौथ का व्रत रखा। घर में पकवान बनाए और शाम को सजधज कर चांद को अर्घ्य देकर व्रत का परायण किया।
करवाचौथ पर्व को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। शुक्रवार को महिलाओं ने करवाचौथ व्रत रखा। घरों में पूरे दिन शाम की होने वाली पूजा की तैयारियां चलती रहीं। पकवान बनाने के साथ पूजा का सामान सजाया और खुद भी तैयार होकर चंद्र दर्शन का इंतजार किया। इधर देर शाम तमाम लोग छतों पर चढ़कर चांद निकलने का इंतजार करते देखे गए।
चांद निकलते ही हर तरफ बधाईयां का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं ने चांद को अर्घ्य देकर मां गौरी की पूजा अर्चना की। इसके बाद पति एवं घर के अन्य बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद महिलाओं ने अन्न जल ग्रहण कर व्रत का परायण किया।
सुबह से शाम तक बाजार रहे गुलजार
करवा चौथ पर्व को लेकर शुक्रवार को बाजार में काफी चहल पहल रही। शहर के चूड़ी मार्केट, ब्यूटी पार्लर व कॉस्मेटिक्स शॉप पर पूरे दिन भीड़भाड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ चूड़ी मार्केट में रही। ब्यूटी पार्लरों पर भी मेहंदी लगवाने वालों के पहुंचने का सिलसिला शाम तक चलता रहा। वहीं साड़ी की दुकानों, बुटीक आदि पर महिलाओं का तांता लगा रहा। बाजार में इस बार थ्री इन वन साड़ी व लाल रंग की चूड़ियों की खासी डिमांड रही।
पूरनपुर। सुहागिनों ने पति की दीर्घायु की कामना का व्रत रखा। शाम को पूजा अर्चना कर चंद्र और पति दर्शन के बाद व्रत तोड़ा। पर्व को लेकर शुक्रवार को बाजार मेें गहमा-गहमी रही।
बीसलपुर। नगर समेत पूरे तहसील क्षेत्र में करवाचौथ पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने व्रत रहकर देर रात में चंद्रमा का दर्शन कर व्रत का परायण किया और पति की दीर्घायु होने की कामना की। पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह देखा गया। इसके चलते बाजार में खासी भीड़ भाड़ रही।
बिलसंडा। कस्बा समेत पूरे क्षेत्र में करवा चौथ पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। महिलाओं ने व्रत रखा और शाम को चंद्र दर्शन कर व्रत का परायण किया। महिलाओं ने पति की लंबी उम्र की कामना की।