पीलीभीत। शिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को एएसपी विक्रम दहिया ने शहर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाना नगर क्षेत्र के मुख्य बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति देखी। गश्त के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, अतिक्रमण हटाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर सतर्क नजर रखने और पर्व के दौरान पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश थाना कोतवाली और थाना सुनगढ़ी के प्रभारी निरीक्षकों को दिए।
एएसपी ने गौरी शंकर मंदिर का निरीक्षण कर मंदिर परिसर की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। संवाद