ग्राम पंचायत सचिव ने प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक खाते से तीन बार में 1.48 लाख रुपये निकाल लिए। महिला प्रधान ने इसकी शिकायत डीएम से की है। विकास खंड बरखेड़ा की ग्राम पंचायत पिपरिया मंडन की ग्राम प्रधान लौंगश्री ने डीएम से की शिकायत में कहा है कि पंचायत सचिव अनिल कुमार ने उनकी फर्जी मोहर एवं फर्जी हस्ताक्षर कर 20 फरवरी को ग्राम पंचायत के खाते से 24 हजार रुपये निकाल लिए थे। इसकी जानकारी पर उन्होंने एक दिन बाद शिकायत खंड विकास अधिकारी से की। साथ ही बैंक को भी एक प्रतिलिपि दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। अब बृहस्पतिवार को सचिव ने फिर दो बार में क्रमश: एक लाख और 24 हजार रुपये निकाल लिए। प्रधान ने डीएम से खाता संचालन पर रोक लगाने की मांग की है। इस बाबत जानकारी करने पर पंचायत सचिव अनिल कुमार ने बताया कि प्रधान बेवजह दबाव बना रही हैं, आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। जो भी लेनदेन हुआ है वह प्रधान के हस्ताक्षरों से ही किया गया है।