पूरनपुर (पीलीभीत)। श्रीलंका से तीन महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई युवती ने पूरनपुर के गांव शेरपुरकलां में न केवल अपना घर बसाया, बल्कि पूरे सरकारी तंत्र की आंखों में धूल झोंककर भारतीय नागरिक भी बन बैठी। जॉर्डन में शुरू हुई एक प्रेम कहानी सात साल तक गांव की गलियों में सामान्य परिवार की तरह पलती रही, लेकिन मक्का की धार्मिक यात्रा पर जाने की एक चाहत ने फर्जीवाड़े की पूरी परतें उधेड़ दीं। वीजा सत्यापन के दौरान पासपोर्ट कार्यालय की तकनीकी जांच में उसका राज खुल गया। अब पति-पत्नी सलाखों के पीछे हैं और गांव में दो मासूम बच्चे अपने माता-पिता की राह देख रहे हैं।
गांव शेरपुरकलां में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत में इस प्रेम कहानी के दिलचस्प पहलू सामने आए। वर्ष 2018 में शेरपुरकलां निवासी मोहम्मद इमरान जॉर्डन के अकाबा शहर स्थित एक गारमेंट फैक्टरी में सिलाई मशीनों की मरम्मत करता था। वहीं श्रीलंका की रहने वाली सुरैनी श्री वंतिका भी काम करती थी। मशीनों की खटर-पटर के बीच दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। कुछ समय बाद दोनों अपने-अपने देश लौट गए, लेकिन संपर्क बना रहा। मार्च 2019 में सुरैनी तीन महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई और सीधे शेरपुरकलां पहुंच गई। यहां दोनों ने गुपचुप निकाह किया और 3 जून 2019 को कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद सुरैनी को नया नाम मिला जैनब बेगम।
भाषा बनी दीवार, पर मोहल्ले में घुल-मिल गई थी बहू
इमरान के चाचा मुस्ताक बताते हैं कि जब सुरैनी गांव आई और इमरान से उसकी शादी हो गई तो वह परिवार के सदस्य की तरह रहने लगी थी। किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी कि दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी की गई है। अब फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद इमरान और सुरैनी के जेल जाने का पूरे परिवार को दुख है। एक बात जरूर थी कि न वह गांव वालों की बोली समझ पाती थी और न अपनी बात कह पाती थी। शुरुआत में केवल इमरान ही उसकी भाषा का अनुवादक था। लेकिन वक्त के साथ वह परिवार और पड़ोसियों में रच-बस गई। भाई अख्तर ने बताया कि इमरान दिल्ली में कढ़ाई मशीनों की मरम्मत कर परिवार पालने लगा। इस बीच दो बच्चे हुए। इसमें अभी बेटी जुनैरा छह साल की है और बेटा आस खां चार साल का है। दोनों बच्चे गांव के ही स्कूल में पढ़ने जाते हैं। किसी को भनक तक नहीं लगी कि गांव की यह बहू असल में एक विदेशी नागरिक है।
चूक की वजह से खुली सात साल से दबी फाइल
सुरैनी की वास्तविक नागरिकता छिपाकर वर्ष 2021 में फर्जी दस्तावेजों के सहारे उसका भारतीय पासपोर्ट भी बनवा लिया गया था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन हाल ही में इमरान और जैनब ने मक्का की धार्मिक यात्रा पर जाने का मन बनाया। इसके लिए जब वीजा प्रक्रिया शुरू हुई और सत्यापन से जुड़े दस्तावेज आगे बढ़े, तो सहायक पासपोर्ट अधिकारी कार्यालय के रडार पर मामला आ गया। गहन तकनीकी परीक्षण में स्पष्ट हो गया कि जैनब बेगम असल में श्रीलंकाई नागरिक सुरैनी श्री वंतिका है, जिसका वीजा सात साल पहले ही खत्म हो चुका था। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मुकदमा दर्ज कर दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया।
तंत्र पर बड़े सवाल: कहां सोई थी बीट पुलिस और एलआईयू?
इमिग्रेशन अलर्ट बेअसर: नियम के मुताबिक, वीजा अवधि खत्म होते ही विदेशी नागरिक का डेटा ओवरस्टेयर्स की सूची में आ जाता है, जिसकी सूचना गृह मंत्रालय से होते हुए राज्य की स्थानीय अभिसूचना इकाई को जाती है। सात साल तक एलआईयू को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?
बीट प्रणाली फेल: स्थानीय थाने के बीट सिपाही और चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी होती है कि वे क्षेत्र में आने वाले बाहरी या विदेशी व्यक्तियों का सत्यापन करें। गांव में एक विदेशी महिला सात साल रही, दो बच्चे हुए, पर बीट रजिस्टर कोरा ही रहा।
तहसील और ग्राम स्तर पर मिलीभगत: विदेशी नागरिक का मूल निवास प्रमाणपत्र और आधार कार्ड बनना बिना स्थानीय मिलीभगत के असंभव है। आरोप है कि ग्राम प्रशासक और उसके प्रतिनिधि नजीब खां ने वास्तविकता छिपाकर प्रमाणपत्र जारी कराने में भूमिका निभाई। तहसील स्तर पर लेखपाल और अधिकारियों ने बिना भौतिक सत्यापन किए ही रिपोर्ट कैसे लगा दी?
परिवार स्तब्ध, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
इमरान के चाचा फरियाद खान ने बताया कि हमें कभी अंदाजा नहीं हुआ कि उसके कागजात फर्जी तरीके से बने हैं। वह तो बच्चों और घर-गृहस्थी में ही व्यस्त रहती थी। आज दोनों के जेल जाने से घर उजड़ गया है, छोटे बच्चों को संभालना मुश्किल हो रहा है।
&&&&&&&&&
इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। इसमें जो भी दोषी है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
& आलोक कुमार, डीएम
इस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कराई जा रही है। फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में ग्राम प्रशासक प्रतिनिधि समेत जो भी अन्य लोग दोषी पाए जाएंगे, उन सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। जिले में ऐसा कोई और मामला तो नहीं है, इसकी पड़ताल के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई है।
सुकीर्ति माधव, पुलिस अधीक्षक, पीलीभीत