कार की टक्कर के बाद टूटी दीवार। संवाद
पीलीभीत। खकरा मार्ग पर एसडीएम की कार अनियंत्रित होकर कब्रिस्तान की बाउंड्री में जा घुसी। दीवार टूटने के साथ कार का आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सिर्फ चालक मौजूद था। चालक को नशे में धुत देख मौके पर जमा हुई भीड़ विरोध करने लगी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थिति को संभाला और चालक को कोतवाली ले गई।
घटना कोतवाली क्षेत्र में बाले मियां की मजार के पास की है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे चालक एसडीएम की कार लेकर तहसील की ओर जा रहा था। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर कब्रिस्तान की बाउंड्री में जा घुसी। इससे कब्रिस्तान का छोटा गेट और दीवार टूट गई।
टक्कर से कार का आगे का भाग भी क्षतिग्रस्त हो गया। चालक के नाक पर मामूली चोट आई। टक्कर के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। चालक के कार से नीचे उतरने पर उसको नशे में धुत देख लोग विरोध करने लगे। इससे पहले कि स्थिति बिगड़ती, कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद भीड़ को वहां से हटाया। इसके बाद कार के चालक को पुलिस कोतवाली ले गई। कुछ देर बाद क्षतिग्रस्त कार को भी मौके से हटवा दिया गया। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चालक को कोतवाली लाया गया है। आवश्यक प्रक्रिया पर अमल किया जा रहा है। संबंधित अफसरोंं को जानकारी दी गई है।
कार की टक्कर के बाद टूटी दीवार। संवाद