एसडीएम ने मेडिकल स्टोर पर की छापामारी, सैंपल लिए
मेडिकल स्टोर पर नशे का व्यापार करने वाले व्यापारियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने छापामारी की। इसमें कस्बे के आधा दर्जन मेडिकल स्टोरों पर छापा मारकर टीम ने सैंपल लिए। पिछले दिनों बालक की हत्या के बाद व्यापारियों व कस्बे के लोगों ने मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाईयों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की थी। इसी के तहत मंगलवार को एसडीएम पुष्पा देवरार के नेतृत्व में छापामारी अभियान चलाया गया। ड्रग इंस्पेक्टर बबिता रानी, एसओ जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ सबसे पहले सोडी मेडिकल स्टोर पहुंचे। यहां कुछ दवाओं के सैंपल लिए गए। इसके बाद आधा दर्जन मेडिकल स्टोरों पर पहुंचकर भी नशीली दवाओं को लेकर जांच की गई। सभी स्थानों से टीम ने दवाओं के सैंपल लिए। एसडीएम पुष्पा देवरार ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।