खाद भरा ट्रक पकड़े जाने के मामले में एसडीएम संजय कुमार ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कृभको सेवा केंद्र के इंचार्ज को तलब कर बयान लिए। शुक्रवार को बयान देने न पहुंचने पर किसानों को अब शनिवार को बुलाया गया है।
अपर जिला कृषि अधिकारी हरेंद्र सिंह पांगती ने बुधवार की शाम माधोटांडा रोड पर खाद से भरा ट्रक पकड़ा था। खाद पूरनपुर कृभको सेवा केंद्र की होने पर उन्होंने सेवा केंद्र के इंचार्ज को अभिलेखों सहित मौके पर बुलाया, लेकिन इंचार्ज मौके पर नहीं पहुंचे। इस पर उन्होंने खाद से भरा ट्रक माधोटांडा पुलिस को सौंप दिया था। गुरुवार को जिला कृषि अधिकारी ने कृभको के केंद्र पर पहुंचकर मामले की जांच की थी।
जांच में उन्होंने खाद किसानों की होना पाई। जांच में लीपापोती की भनक पर एसडीएम संजय कुमार ने शुक्रवार को मामले की जांच शुरू की। एसडीएम ने बताया कि शुक्रवार को कृभको सेवा केंद्र के इंचार्ज व किसानों कोेेेेे बुलाया गया था। किसान तो नहीं पहुंचे, लेकिन इंचार्ज ने अपने बयान दर्ज कराए हैं। किसानों को अब शनिवार को बुलाया गया है।