पीलीभीत। शहर की नवीन मंडी समिति में शिमला मिर्च खरीदने के दौरान हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट कर दी गई। पीड़ित की तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम बेहरीखेड़ा निवासी राकेश कुमार पुत्र दौलत राम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 28 जुलाई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह नवीन मंडी समिति में सब्जी खरीदने गया था। मंडी में आढ़ती आजाद का भांजा मुन्ना सब्जी का फड़ लगाए हुए था। आरोप है कि शिमला मिर्च तोड़ते समय उसने खराब मिर्च अलग करने को कहा, जिस पर मुन्ना नाराज हो गया और उसके थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि आढ़ती आजाद ने भी उसका हाथ पकड़ लिया और दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि थाना पुलिस को मामले में आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।