पूरनपुर। प्राइवेट अस्पताल की छत से कबाड़ उतारते समय हाईटेंशन की लाइन में चपेट में आकर झुलसे कबाड़ी की 12वें दिन इलाज के दौरान दिल्ली में मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनोंं को सौंप दिया। शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
घटना बिजली घर रोड के एक प्राइवेट अस्पताल की छत पर तीन नवंबर को हुई थी। मोहल्ला साहूकारा कुरैशियान निवासी मोहम्मद इमरान (23) कबाड़ उतारने के लिए अस्पताल की छत पर चढ़े थे, तभी वह छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए थे।
भाई रिजवान ने बताया कि इमरान को इलाज के लिए दिल्ली ले गए। वहां एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान इमरान की 14 नवंबर की रात मौत हो गई। रिजवान ने अस्पताल संचालक पर इमरान को जबरन अस्पताल की छत पर कबाड़ लेने भेजने का आरोप लगाया है। इमरान की मां रानी बेगम ने पुलिस को पत्र देकर अस्पताल संचालक और बिजली विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।