गांव रंपुरा नौगवां निवासी प्रेमपाल ने 26 मार्च को किसान सहकारी चीनी मिल से अगेती प्रजाति सीओएलके 9709 का बीज लेकर चीनी मिल के अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रेंच विधि से गन्ने की बुआई की थी। लेकिन गन्ने का बीज अभी तक नहीं जमा है। प्रेमपाल ने इस मामले की शिकायत चीनी मिल, गन्ना विभाग और भारतीय गन्ना अनुसंधान केंद्र लखनऊ में की थी। अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार, डॉ. जैश सिंह और डॉ. पीके सिंह ने शनिवार को चीनी मिल के अधिकारियों के साथ गांव रंपुरा नौगवां जाकर प्रेमपाल के खेत में बीज न जमने की जांच की। वैज्ञानिकों ने प्रेमपाल को खेत की सिंचाई तत्काल करने को कहा। जांच के दौरान चीनी मिल के गन्नाधिकारी नीरज शुक्ला, गन्ना विकास निरीक्षक ओमकार सिंह, रिषीकांत शुक्ला और सीपी सिंह भी थे।