पीलीभीत। छात्रों की वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा प्रदर्शन के लिए 17 दिसंबर को जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में होने वाली प्रतियोगिता में कक्षा नौ से 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।
प्रतिभाग करने वाले बच्चे ड्रोन टेक्नोलॉजी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, रोबोटिक्स, सेंसर टेक्नोलॉजी, नैनो-टेक्नोलॉजी एवं नैनो सामग्री, स्टेम सेल टेक्नोलॉजी, बायो-एनर्जी आदि विषयों पर मॉडल तैयार कर सकते हैं। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा, सौर ऊर्जा, हाइड्रोजन ईंधन सेल ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग व इंटरनेट ऑफ थिंग टीओटी आदि पर भी मॉडल बना सकते हैं।
साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल इंडिया के विषय पर भी मॉडल बनाए जा सकते हैं। विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में प्रतिभाग के लिए प्रत्येक छात्र को गूगल फॉर्म भरना होगा। इसकी हार्ड कॉपी 17 दिसंबर को रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जमा करनी है। जनपद स्तर पर प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम दो तथा कम से कम एक मॉडल अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेगा। जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक चंद्रपाल गंगवार ने बताया कि 15 चयनित मॉडलों को पुरस्कार मिलेगा।