प्राथमिक विधालय नकटा उर्फ मुरादाबाद में मौजूद बच्चे संवाद
भीषण गर्मी और बाहर गए परिवारों के कारण कई विद्यालयों में कम रही उपस्थिति, शिक्षकों ने शुरू किया घर-घर संपर्क अभियान
बरखेड़ा। गर्मी की लंबी छुट्टियां बढ़ने के बाद बृहस्पतिवार से परिषदीय विद्यालयों में एक बार फिर शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो गईं। पहले दिन स्कूलों में मिला-जुला माहौल देखने को मिला। कहीं बच्चों की संख्या अपेक्षा से काफी कम रही तो कहीं छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ विद्यालय पहुंचे। शिक्षकों ने बच्चों का स्वागत भी किया।
बरखेड़ा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पहले दिन उपस्थिति बेहद कम रही। विद्यालय में पंजीकृत 120 विद्यार्थियों के सापेक्ष केवल 12 बच्चे ही विद्यालय पहुंचे। कक्षाएं शुरू होने के बावजूद अधिकांश सीटें खाली नजर आईं। प्रधानाध्यापिका पूनम पांडेय ने बताया कि छुट्टियों के दौरान कई बच्चे अपने परिजनों के साथ बाहर गए हुए हैं, जबकि भीषण गर्मी के कारण भी अभिभावक बच्चों को विद्यालय भेजने में संकोच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन उपस्थिति बढ़ाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहा है। शिक्षक एवं रसोइयां बस्तियों में जाकर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं, बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
विद्यालय में पांच शिक्षक शिक्षण कार्य में लगे हुए हैं। वहीं प्राथमिक विद्यालय नकटा उर्फ मुरादाबाद में पहले दिन अपेक्षाकृत बेहतर उपस्थिति दर्ज की गई। यहां पंजीकृत 37 विद्यार्थियों में से 23 बच्चे विद्यालय पहुंचे। लंबे अवकाश के बाद अपने साथियों और शिक्षकों से मिलकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कक्षाओं में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों का उत्साह भी देखने लायक रहा। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक राजवीर सिंह ने बताया कि पहले दिन की उपस्थिति संतोषजनक रही है।
पूरनपुर। मोहन सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर में ग्रीष्म कालाीन अवकाश के बाद बृहस्पतिवार को स्कूल खुलने पर पहुंचे बच्चों को तिलक लगाकर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य नीरज दीक्षित ने बच्चों को अनुशासन, नियमित उपस्थिति एवं अध्ययन को लेकर जानकारी दी। संवाद