ग्रीष्मावकाश के बाद एक जुलाई को खुले स्कूल-कॉलेजों में सुबह से दोपहर तक
रौनक रहीं। सड़कों पर भी स्कूली बच्चों की काफी चहल पहल रही।
शहर की
सड़कों पर बुधवार सुबह को भारी चहल पहल रही। शहर के बेनहर पब्लिक स्कूल,
सेंट एलायसियस कॉलेज, लिटिल एंजिल्स स्कूल, लायंस बाल विद्या मंदिर सीनियर
सेकेंड्री स्कूल, स्प्ऱिगडेल कॉलेज, संतराम सरस्वती शिशु मंदिर,
चिरौंजीलाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर, अंगूरी देवी सरस्वती बालिका
इंटर कॉलेज, अवंतीबाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, लार्ड कृष्णा पब्लिक
स्कूल, गोस्वामी माम्स प्राइड आदि स्कूल-कॉलेजों के बाहर अभिभावकों व
बच्चों का जमावाड़ा देखा गया।
सुबह होते ही रिक्शे वाले भैयाजी भी घरों में
पहुंच गए। गर्मियों की छुट्टियों के बाद पहले दिन स्कूल जाने को लेकर
बच्चों में उत्साह देखा गया। हालांकि पहले दिन स्कूलों में बच्चों की
संख्या कम रही। बच्चों ने एक दूसरे को हाय हेलो बोलकर गर्मी की छुट्टियों
को लेकर बातचीत की। दोपहर छुट्टी के दौरान शहर की सड़कें स्कूली बच्चों से
पटी दिखाई दी। स्टेशनरी की दुकानों में भी काफी भीड़ भाड़ रही।
बीसलपुर।
आज पहली जुलाई से सभी विद्यालय खुल गए। बच्चों और विद्यार्थियों में काफी
उत्साह देखा गया। आज पहला दिन होने के कारण विद्यालयों में शिक्षण कार्य
नाम मात्र को हुआ। उधर बीआरसी में पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया।
पुस्तक वितरण का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख तारावती गंगवार ने किया। खंड शिक्षा
अधिकारी उमेश गौतम, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष रामऔतार गंगवार,
अजय गंगवार और सपा नेता रत्नेश गंगवार मौजूद थे।
बिन पोथी फिर शुरू हुई सरकारी स्कूलों में पढ़ाई
जिले
के 1230 प्राथमिक व 570 विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश के बाद भी बच्चों को
मिलने वाली निशुल्क पुस्तकें नहीं मिल सकी। जिसके चलते बच्चों को बिना
पुस्तक ही पढ़ाई करनी पड़ी। विभाग द्वारा शासन को 14,97,826 पुस्तकों की
डिमांड भेजी गई थी, जिसमें मात्र 3,53,143 पुस्तकें ही आ सकी है। इन
पुस्तकों का भी वितरण नहीं किया गया है। वहीं कंवर्जन कास्ट न मिलने के
चलते कुछ विद्यालयों में मिड डे मील न बनने की सूचना मिली है। सरकारी
स्कूलों में भी पहले दिन बच्चों की संख्या काफी कम रही।