पीलीभीत। स्कूली वैन चलाते समय चालक के मोबाइल पर बात करने से हुए हादसे में एआरटीओ ने कार्रवाई की है। स्कूल वाहन चालक का लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किया गया है। शुक्रवार को स्कूली बच्चों के ले जाते समय हादसा हुआ था। इसमें दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
शुक्रवार को बरखेड़ा कस्बे के लिटिल स्टार अकादमी का स्कूली वाहन गांव चालक की लापरवाही से बिजली के खंभे से टकरा गया था। हादसे में वाहन में बैठे 20 से अधिक बच्चे बाल बाल बचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात कर रहा था। हादसे की जानकारी पर एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। जानकारी में सामने आया कि चालक स्कूली वाहन का संचालन करते समय मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वाहन पास में लगे खंभे से टकरा गया। इससे स्कूल वाहन में सवार दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर एआरटीओ ने बरखेड़ा क्षेत्र के गांव भोपतपुर निवासी चंद्रपाल का लाइसेंस तीन माह तक निलंबित कर दिया है। साथ ही इस अवधि में वाहन चालक को वाहन न चलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की गई है। संवाद