पीलीभीत। बारिश के बाद सोमवार को भी जलभराव की स्थिति बनी रही। इससे शहर से सटे आदर्शनगर और चिड़ियादाह गांवों के स्कूलों में पढ़ाई ठप रही। किसी तरह स्टाफ ने स्कूल पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
शहर के टनकपुर रोड स्थित काशीराम बरात घर के पीछे आदर्शनगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में जलभराव की सबसे अधिक समस्या रही। जल निकासी न होने से सोमवार को भी पानी भरा रहा। इसी प्रकार शहर से सटे चिड़ियादाह में भी जलभराव के कारण स्कूल में पढ़ाई नहीं हो सकी। प्रधानाध्यापिका अरुण लता समेत स्टाफ सुबह स्कूल पहुंचा। जलभराव देख अफसरों को अवगत कराया गया। असुविधा को देख बच्चों को आने से मना कर दिया गया। इसके अलावा देहात क्षेत्र के कई स्कूल ऐसे रहे जहां जलभराव होने से बच्चे नहीं पहुंच सके। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि कई जगह जलभराव की समस्या से पढ़ाई कार्य प्रभावित रहा है।