पीलीभीत। सभी ब्लॉकों में 20 जुलाई को नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख और उनकी टीम को शपथ दिलाई जाएगी। संबंधित ब्लॉक क्षेत्र के एसडीएम और तहसीलदार शपथ दिलाएंगे। इसके बाद ब्लॉक क्षेत्रों में विकास कार्य को गति मिलना शुरू हो जाएगा।
पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद अब नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण होना बाकी रह गया है। इसके लिए शासन ने 20 जुलाई के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन करने का फरमान जारी किया है। इसके बाद विकास विभाग के अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है।
जनपद के सभी सातों ब्लॉकों में 20 जुलाई को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। मरौरी, ललौरीखेड़ा, अमरिया, बरखेड़ा, पूरनपुर, बीसलपुर, बिलसंडा ब्लॉकों में संबंधित एसडीएम और तहसीलदार नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख को शपथ ग्रहण कराएंगे। शपथ लेने के बाद ब्लॉक प्रमुख सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा होगी। बोर्ड में बजट स्वीकृति के बाद संबंधित ब्लॉक क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
सीडीओ प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 20 जुलाई को सभी ब्लॉकों में होगा। इसमें एसडीएम और तहसीलदार नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों को शपथ ग्रहण कराएंगे।