पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के देशनगर में सफाईकर्मी ने दूसरे समुदाय के दो युवकों पर गाली गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया है। मारपीट में सफाईकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नखासा निवासी श्याम ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सफाईकर्मी है। बुधवार रात को काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहा था। देशनगर में दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गालीगलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस को तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।