पीलीभीत। दीपावली के उल्लास में सेहत का भी खास ख्याल रखें। आतिशबाजी छुड़ाते समय आंखों और त्वचा का ध्यान रखें। सांस से संबंधित समस्या वाले लोगों को अधिक एहतियात बरतने की आवश्यकता है। जरा सी लापरवाही बीमार कर सकती है। पर्व के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रशासन अलर्ट हो गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी के अलावा दो जेआर और ईएमओ की ड्यूटी लगाई गई है।
खुशियाें का त्योहार दीपावली भले ही लोग धूमधाम से मनाते हों, लेकिन पटाखे जलाने से कई बार लोगों को शारीरिक नुकसान भी पहुंचते है। दीपावली पर पटाखे से निकलने वाला धुंआ सांस के मरीजों को काफी नुकसान पहुंचाता है व उनको पटाखे के धुएं से सांस लेने में दिक्कत होती है। वहीं, सावधानी से पटाखे नहीं जलाने के चलते कई बार लोग उसकी आग की चपेट में झुलस जाते हैं व त्वचा, आंख आदि को भी नुकसान पहुंचता है। सीएमएस की ओर से आई, ईएनटी,सर्जन व आर्थोपैडिक्स विशेषज्ञों की इमरजेंसी ऑनकॉल ड्यूटी लगाई गई है। वहीं दो चिकित्सक व ईएमओ की डयूटी वार्ड में लगाई गई है। सीएमएस रामाकांत सागर ने बताया कि पटाखे से जलने, सांस फूलने आदि मरीजों के लिए इमरजेंसी वार्ड में पूरे इंतजाम किए गए है।
000
अग्निशमन और पुलिस विभाग भी अलर्ट
दीपावली पर आग और हादसे समेत अन्य घटनाओं के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग के अलावा पुलिस और अग्निशमन विभाग भी अलर्ट हो गया है। अफसरों ने थाना प्रभारियों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा आमजन को सूचनाओं का आदान प्रदान करने पर जोर दिया है। टीमों को अलर्ट किया गया है।
000
इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
डीएम- 9454417526
एसपी- 9454400301
सीएमओ- 9319201494
अग्निशमन अधिकारी- 9454418340
डायल-112
एंबुलेंस- 108,102