पूरनपुर। सागर की हत्या का वीडियो देख गुस्साए परिजनों ने कोतवाली गेट के सामने जाम लगा दिया। पौन घंटे तक हंगामा और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। परिजन, हिरासत में लिए गए आरोपी को उनके हवाले करने की मांग पर अड़े थे। पुलिस ने परिजन और अन्य लोगों को समझाने का प्रयास किया। न मानने पर लोगों को जबरिया हटाकर जाम खुलवाया। मंगलवार को जब पुलिस ने घटनास्थल के समीप के प्रतिष्ठानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली तो घटना की वीडियो हाथ लगी। वीडियो किसी तरह सागर के करीबियों के पास भी पहुंच गई। वीडियो देख गुस्साए सागर के परिजन और करीबियों ने कोतवाली गेट पर पहुंचकर पुलिस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। परिजन जाम लगाकर हंगामा करने लगे। परिजनों का कहना था कि शुरू से ही वे लोग सागर के साथी पर संदेह व्यक्त कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उसे पूछताछ कर छोड़ दिया। प्रदर्शनकारी हिरासत मेंं लिए सागर के दोस्त को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे। कहना था कि वे कार्रवाई नहीं बदला लेना चाहते हैं। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। कहा कि पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना का शीघ्र खुलासा कर हत्यारोपी का चालान किया जाएगा, लेकिन हंगामा कर रहे लोग समझने को तैयार नहीं थे। संवाद