पीलीभीत। जिले में ड्रोन चोरों की अफवाह ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बृहस्पतिवार रात ग्राम गौहनियां और शुक्रवार तड़के शहर के मोहल्ला बेनी चौधरी में बदमाशों की मौजूदगी की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की है।
ड्रोन चोरों की अफवाहों ने इन दिनों ग्रामीणों और पुलिस दोनों को परेशान कर रखा है। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 10 बजे थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम गौहनियां में कुछ अज्ञात लोगों की ओर से एक घर का दरवाजा खटखटाने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। बताया गया कि 5-6 बदमाश गांव में घूमते दिखे हैं।
सूचना फैलते ही ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर निकल आए। इसी बीच पता चला कि माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग से गौहनियां मार्ग पर भी कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं। सूचना पर सक्रिय हुई सुनगढ़ी पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों के साथ देर रात तक गश्त की, लेकिन कोई संदिग्ध नहीं मिला।
इसके अलावा शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बेनी चौधरी में भी इसी तरह की सूचना से हड़कंप मच गया। एक युवक ने पुलिस को फोन कर बताया कि मोहल्ले में 5-6 बदमाश घूम रहे हैं और घेराबंदी की जा रही है। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन जांच और सीसी फुटेज खंगालने के बावजूद कोई पुष्टि नहीं हो सकी।
सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों स्थानों पर सूचना पर पुलिस भेजी गई थी, लेकिन घटनाएं अफवाह साबित हुईं। उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।