कचहरी में नौकरी लगवाने का दिया था झांसा, रुपये वापस मांगने पर दी धमकी
पीलीभीत। कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक से 2.30 लाख रुपये ले लिए। नौकरी न लगने पर रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अशरफ खां निवासी इमरान खां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि थाना जहानाबाद क्षेत्र के ललौरीखेड़ा निवासी कमलेश से उसकी पहले से जान-पहचान थी। आरोप है कि कमलेश ने बताया कि उसने कई लोगों की सरकारी नौकरी लगवाई है और कचहरी में कंप्यूटर ऑपरेटर का पद खाली है। नौकरी लगवाने के एवज में उसने 2.70 लाख रुपये मांगे। उसने कमलेश की बात पर विश्वास करते हुए 17 से 21 फरवरी 2024 के बीच आईसीआईसीआई बैंक खाते से उसके खाते में कुल 2.20 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद भी दिए। काफी समय तक नौकरी के लिए चक्कर लगाने के बावजूद नियुक्ति नहीं हुई। बाद में कमलेश ने 40 हजार रुपये वापस कर दिए और शेष 2.30 लाख रुपये वर्ष 2025 में लौटाने की बात कही। आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि थाना पुलिस को साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद