- डीएम ने वसूली गई धनराशि लाभार्थियों के खाते में भी भिजवाने को कहा
- पूरनपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत सिकराना का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से वसूली की शिकायतें रुक नहीं रही हैं। एक मामले में जांच के बाद सिकराना प्रधान पर लाभार्थियों से 1.30 लाख रुपये वसूली करना पाया गया है। डीएम ने सीडीओ को सिकराना प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने, वसूली गई धनराशि लाभार्थियों के खातों में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास के आवंटन के बाद लाभार्थियों से वसूली की शिकायतें लगातार अफसरों को मिल रही हैं। पूरनपुर ग्राम पंचायत सिकराना के आवास के लाभार्थियों से अवैध वसूली का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेकर परियोजना निदेशक राजकरनपाल को जांच के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक ने जांच के बाद जांच रिपोर्ट सीडीओ को दी।
सीडीओ ने बताया कि जांच में प्रधान की ओर से आवास की लाभार्थी अंजू देवी, संतोषी देवी, शकुंतला देवी और लक्ष्मी देवी से 20-20 हजार रुपये वसूली कर अपने खाते में धनराशि ट्रांसफर कराना पाया गया। इसके अलावा ऊषा देवी, विमला देवी, रामऔतार, धीरेंद्र और पंकज से 10-10 हजार रुपये वसूली करना पाया गया। सीडीओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जांच रिपोर्ट पर प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की संस्तुति कर पत्रावली डीएम को भेजी।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने सीडीओ की संस्तुति पर प्रधान खेमकरन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और वसूली गई धनराशि लाभार्थियों के खातों में वापस कराने के आदेश दिए। सीडीओ ने बताया कि पूरनपुर बीडीओ को प्रधान खेमकरन के खिलाफ संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने और वसूली गई धनराशि लाभार्थियों को वापस कराने के आदेश दिए हैं।