रोटरी क्लब के मेले में बुलेट बाइक के स्टाल पर पहुंचे शहर के एक दबंग ने जमकर गुंडई की। बाइक की टेस्ट ड्राइव लेने की बात पर स्टाल मालिक को धमकाया। मना करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया और जबरन बाइक ले गया। पुलिस की मौजूदगी में गुंडई होती रही, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। कई घंटे बाद उसने बाइक लौटाई।
शहर के रामा इंटर कालेज ग्राउंड में रोटरी क्लब की ओर से दशहरा मेला लगाया गया था। इसमें बुलेट बाइक का स्टाल भी लगा था। मंगलवार रात को मेले के समापन के मौके पर शहर का एक दबंग बाइक से स्टाल पर पहुंचा और बाइक की टेस्ट ड्राइव लेने की जिद करने लगा। स्टाल पर मौजूद लोगों के इंकार करने पर उसने धमकाना शुरू कर दिया। फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद जबरन बाइक लेकर चला गया। करीब डेढ़ घंटे तक बाइक वापस न आने पर स्टाल पर मौजूद कर्मचारियों के पसीने छूट गए। हालांकि बाद में बाइक वापस मिलने पर राहत मिली। इधर, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि मेले में इस तरह की किसी वारदात की उन्हें जानकारी नहीं है। न ही कोई शिकायत पुलिस से की गई है।