पीलीभीत। सर्दी का असर रोडवेज बस सेवा पर भी दिखाई दे रहा है। पर्याप्त सवारियां न होने से रोजाना चार से पांच बसों का संचालन नहीं हो पा रहा। इससे डिपो को रोजाना करीब तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।
नवंबर माह शुरू होते ही लगातार रोडवेज की आय कम होती जा रही है। जहां आम दिनों में रोजाना 10 से 11 हजार यात्री सफर कर रहे थे। वह अब सिर्फ सात से आठ हजार रह गए हैं। इसी तरह आम दिनों में डिपो को 13-14 लाख रुपये की रोजाना आय हुआ करती थी। मगर ठंड बढ़ते ही यह 10 से 11 लाख रुपये रह गई है।
इसके साथ-साथ 25 सवारियों से कम होने पर बसें न चलाने का शासन का आदेश भी रोडवेज की आय पर असर डाल रहा है। रोजाना चार से पांच बसों का संचालन नहीं हो पा रहा। इससे संविदा चालकों व परिचालकों को भी काफी परेशानी हो रही है। किलोमीटर व ड्यूटी पूरी न होने पर इसका प्रभाव उनके वेतन पर पड़ रहा है। एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने स्वीकार किया कि सर्दी में सवारियां कम होने से डिपो को रोजाना तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।