पीलीभीत। शहर से सटे दियूनी केसरपुर में रोडवेज डिपो के निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इससे बस संचालन से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा सकेगा।
पुराना भवन व पर्याप्त व्यवस्था न होने से यहां का बस संचालन प्रभावित हो रहा था। दशकों वर्ष पूर्व बने रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण कार्य के लिए अब हरी झंडी मिल गई है। मौजूदा समय में स्थानीय डिपो से 103 बसों का संचालन किया जा रहा है। यह बसें दिल्ली, आगरा, लखनऊ सहित अन्य बड़े शहरों के लिए संचालित है। बस स्टैंड पर पर्याप्त जगह न होने से इनका संचालन अस्थायी रूप से नौगवां चौराहे से कराया जा रहा है। वहीं यात्रियों को भी इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
डिपो के नए निर्माण को लेकर लगातार क्षेत्रीय लोगों की ओर से मांग की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों को मांग को देखते हुए अफसरों की ओर से करीब तीन वर्ष पूर्व निर्माण कार्य को लेकर विभागीय अफसरों से पत्राचार किया गया। इसके बाद जमीन चयन को लेकर उच्चाधिकारियों ने अफसरों को निर्देश जारी किए। विभागीय अफसरों ने बीसलपुर मार्ग पर जमीन को चिह्नित कर भेजा, लेकिन विभागीय अटकलों के चलते इस जगह को चिह्नित नहीं किया जा सका।
विभागीय अफसरों की ओर से इसके बाद शहर के टनकपुर हाईवे स्थित दियूनी केसरपुर में जगह को चिह्नित किया। इसके बाद अफसरों को प्रस्ताव भेजा। अब इस जगह को चुन लिया गया है। देहारदून की एक निजी कंपनी के द्वारा इसका निर्माण कार्य कराया जाएगा। संवाद
15 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
डिपो निर्माण के लिए लंबे समय के प्रयास के बाद डिपो का निर्माण कार्य कराया जाएगा। डिपो निर्माण के लिए करीब 15 करोड़ रुपये बजट जारी किया गया। विभागीय अफसरों का दावा है कि इस माह के अंत तक चयनित जगह पर काम को शुरू करा दिया जाएगा।
-
रोडवेज डिपो के निर्माण को लेकर लंबे समय से विभागीय अफसरों से पत्राचार किया जा रहा है। अफसरों की ओर से इसको लेकर हरी झंडी मिल गई है। कार्यदायी संस्था को कार्य सौंप दिया गया है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरु करा दिया जाएगा।
विपुल पाराशर, एआरएम।