असम हाईवे के निकट मंडी मार्ग के किनारे खड़ी गोला रूट की बसें।संवाद
विभिन्न मार्गों के किनारे खड़ी रहती हैं बसें, लगता है जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। बेहतर सफर के दावों के बीच परिवहन निगम के अफसरों की उदासीनता यात्रियों पर भारी पड़ रही है। गोला मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को बस अड्डे पर रोडवेज बसें नहीं मिलतीं, इसके लिए उन्हें असम हाईवे तक दौड़ लगानी पड़ती है।
पीलीभीत डिपो से करीब 112 बस संचालित होती हैं। इनमें से 30 से अधिक बसें दिल्ली मार्ग पर संचालित की जाती हैं। अधिकतर मार्गों की बसें रोडवेज अड्डे से ही रवाना होती हैं। ऐसे में यात्री बस अड्डे पहुंचते हैं, लेकिन गोला मार्ग पर जाने वाली बसों को ढूंढने में यात्रियों को दिक्कत होती हैं।
यह बसें बस अड्डे के बजाय असम हाईवे के किनारे खड़ी होती हैं। बसों के चालकों ने बताया कि लंबे समय से गोला-सीतापुर मार्ग की रोडवेज बसें यहीं खड़ी होती हैं। यही नहीं बसों को बीसलपुर और मंडी मार्ग के किनारे भी खड़ा किया जाता है। इससे जाम भी लगता है। इस बावत एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि पर्याप्त सवारियां होने से गोला मार्ग की बसें बाहरी क्षेत्र से होकर ही निकल जाती हैं।