आसाम हाइवे पर हरिद्वार से रुपैडिहा जा रही हरिद्वार डिपो की बस खड़े ट्रक से टकरा गई। इससे बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस में सवार नेपाल के 18 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को सीएचसी पूरनपुर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल अपने घर नेपाल के लिए रवाना हो गए।
घटना गुरुवार को सुबह करीब सवा पांच बजे आसाम हाइवे पर जरा गोदाम के पास हुई। हरिद्वार डिपो की बस रुपैडिहा जा रही थी। बस में अधिकांश यात्री नेपाल के थे। थाना गजरौला क्षेत्र में जरागोदाम के पास रोडवेज की बस वहां खड़े ट्रक में जा घुसी। इससे यात्रियों में चीख पुकार मचने लगा। हादसे के बाद चालक मौके से ट्रक लेकर भाग गया। बस में सवार 18 नेपाली यात्री घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। वहां कुछ लोग इलाज कराकर चले गए। बाद में मौके पर मिले घायलों में नेपाल के दईलेख के थाना थाडीकान के गांव लखनराय निवासी 30 वर्षीय मानबहादुर, गोविंद राय, डाईलेट के थाना खंभागोड के गांव टोरीमल निवासी ललित, उसकी पत्नी मीना, सीमोबलन के गांव सिवरत निवासी चिरनजीव, सुलेयान के थाना खरमाली के गांव कोटवरा निवासी प्रकाशीराम रहे।
घायलों ने बताया कि वे लोग उत्तराखंड में मजदूरी करने गए थे। दशहरा आदि पर्वों पर से घर लौट रहे थे। हादसे में घायल मानबहादुर का एक पैर टूट गया। उपचार के बाद सभी यात्री अपने घरों को रवाना हो गए।
रोडवेज बस के कंडेक्टर राजवीर ने बताया कि बस में उसके अलावा चालक बिजनौर निवासी प्रभात, रुड़की निवासी वेद प्रकाश और 71 यात्री सवार थे। बस को चालक प्रभात चला रहा था। प्रभात ने बताया कि बस के आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, इससे यह हादसा हो गया।
घंटों वाहन के इंतजार में भटकते रहे यात्री
जराकोठी। हादसे के बाद बस में सवार यात्री अपने घरों को जाने को दूसरे वाहन के इंतजार में घंटों इंतजार करते रहे। रुपैडिहा जाने को दूसरी बस पहुंचने पर यात्री उनमें सवार होकर घरों को रवाना हुए।