पीलीभीत। सड़क हादसों की रोकथाम के लिए नियमों की जानकारी और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज (सोमवार) से 11 अक्तूबर तक अभियान चलाया जाएगा। डीएम पुलकित खरे ने द्वितीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत प्रतिदिन की कार्रवाई के साथ ही अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है।
सोमवार को सड़क सुरक्षा को लेकर प्रचार-प्रचार होगा। सुबह नौ से 11 बजे तक बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन चौराहों समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग्स, पोस्टर आदि लगवाए जाएंगे। ब्लैक स्पॉट से सटे होटल ढाबों पर कोरोना से बचाव के नियमों का पालन कराते हुए प्रशिक्षण शिविर लगेगा। छह अक्तूबर को मुख्य चौराहों पर प्रवर्तन दल हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग के प्रति आम लोगों को जागरूक करेगा। ब्लॉकों में पंचायत सचिव और ग्राम प्रधानों के माध्यम से चालकों केे नशे में वाहन चलाने के नुकसान बताए जाएंगे। सात अक्तूबर को सड़क सुरक्षा विषय पर स्कूली बच्चों की ऑनलाइन निबंध, कविता, पोस्टर, पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। आठ अक्तूबर को वाहनों में प्रदूषण की जांच कराई जाएगी। मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा। नौ अक्तूबर को सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा ऑनलाइन ड्राइविंग ट्रेनिंग दी जाएगी। 10 अक्तूबर को रोडवेज बस स्टैंड पर रोडवेज चालक-परिचालकों को जागरूक किया जाएगा। 11 अक्तूबर को ओवरलोडिंग, अवैध पार्किंग की चेकिंग कर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के साप्ताहिक अभियान की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। उसे लागू कराने पर जोर रहेगा।