चाइनीज मांझे की चपेट में आने से घायल का उपचार करते चिकित्सक। स्रोत सोशल मीडिया
पीलीभीत। प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का खतरा थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांधी स्टेडियम रोड पर रालोद के युवा जिलाध्यक्ष राम मिश्रा चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। गनीमत रही कि बाइक की गति कम होने से उनकी गर्दन में मांझे का गहरा घाव नहीं हो सका।
वसंत पंचमी शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद भले ही प्रशासन राहत की सांस ले रहा हो, लेकिन शहर में चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री और उपयोग से हादसे थम नहीं रहे हैं। मंगलवार दोपहर गांधी स्टेडियम मार्ग पर बाइक से जा रहे राम मिश्रा अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया, इससे उन्होंने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में राम मिश्रा की गर्दन में मांझे से चोट आई, जबकि गिरने से शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के बाद गांधी स्टेडियम मार्ग पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। नागरिकों ने मांग की कि चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर का कहना है कि जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।