सदर विधानसभा से रालोद प्रत्याशी भूपराम गंगवार के प्रचार वाहन में बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। ग्रामीणों की मदद से समर्थकों ने आग पर काबू किया। गुरुवार सुबह रालोद प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी के भाई समेत तीन लोगों पर रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया घटना पर संदेह जताया है वहीं भाजपा प्रत्याशी के आरोपी भाई ने इसे एक बड़े नेता के इशारे पर साजिश बताया। जहानाबाद क्षेत्र के रंपुरा मिश्र गांव के रहने वाले भूपराम गंगवार राष्ट्रीय लोकदल से सदर विधानसभा सीट से प्रत्याशी हैं। बुधवार रात को शहर से लौटकर वह देर रात घर पहुंचे। इंडिका कार (प्रचार वाहन) को घर के बाहर खड़ा कर भीतर चले गए। इधर इस बीच कार में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। जिसको आसपास के ग्रामीणों की मदद से बुझाया जा सका। रालोद प्रत्याशी का आरोप है कि चुनाव लडने का निर्णय लेने के बाद से ही भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह गंगवार के भाई विजय गंगवार, तुर्कनिया ग्राम प्रधान निसार हुसैन, नत्थूलाल उस पर चुनाव में दावेदारी न करने का दबाव बना रहे थे। कार में आग लगाने का तीनों पर शक जाहिर करते हुए रालोद प्रत्याशी ने नामजद तहरीर जहानाबाद पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शक के आधार पर नामजदगी की गई है। प्रथम दृष्ट्या मामला संदिग्ध है। मामले की जांच कर निष्पक्ष ढंग से करवाई जाएगी।
- राकेश सिंह, इंस्पेक्टर जहानाबाद
मेरे ऊपर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार, असत्य और मनगढ़ंत हैं। जिस वक्त घटना बताई गई है, उस समय मैं जिले के बाहर था। एक पार्टी के नेता के इशारे पर राजनीतिक साजिश के तहत यह कार्रवाई कराई जा रही है।
- विजय गंगवार, भाजपा प्रत्याशी के भाई