बरेली। लगातार बारिश के बाद अब जलभराव और नाले-नालियों से निकली गाद से मच्छरों और रोगों के पनपने की आशंका है। लिहाजा, सीएमओ ने संबंधित क्षेत्रों में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र की ओर से शिविर लगाकर लोगों की जांच और दवाएं देने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक, जलभराव से मच्छरों के लार्वा पनपने की आशंका रहती है। गंदे पानी में मलेरिया और साफ पानी में डेंगू के लार्वा पनपते हैं। अगर घर के आसपास जलभराव है तो उसे साफ करने का सुझाव दिया है। वर्तमान में जिले में मलेरिया के 421 और डेंगू के छह मरीज हैं। प्रत्येक रविवार को मच्छररोधी गतिविधि अपनाने के लिए कहा है।
ओपीडी में 22 सौ मरीजों का हुआ इलाज
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब 2200 मरीजों का इलाज हुआ। इनमें बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, पेट के संक्रमण, दस्त, त्वचा रोगी अधिक रहे। बुखार के मरीजों में डेंगू, मलेरिया की आशंका पर जांच भी कराई गई। फिजिशियन डॉ. राहुल बाजपेई के मुताबिक, संक्रमण से बचने के लिए उबला या क्लोरीनयुक्त पानी पीएं। खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें और घर के पास जलभराव न होने दें। तेज बुखार, कंपकंपी, शरीर में दर्द, उल्टी-दस्त, सांस लेने में परेशानी या कमजोरी होने पर डॉक्टर से परामर्श लें। ब्यूरो