पूरनपुर(पीलीभीत)। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा शासन काल से यूपी की दशा और दिशा बदल गई है। पांच सालों में अपराध का उन्मूलन हुआ है। शिक्षा का विस्तारीकरण हुआ है। गांव, गरीब व किसानों के लिए काम हुआ है। सब पार्टियां मिलकर भाजपा का मुकाबला नहीं कर पा रही हैं। वोट विभाजन का लाभ लेने को सपा और बसपा शासन में सांप्रदायिक दंगा कराए जाते थे। सपा सरकार में प्रदेश में 700 और बसपा सरकार में 264 दंगे हुए। भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास पर काम किया। एक भी दंगा नहीं हुआ।
डॉ. दिनेश शर्मा नगर के एक बरात घर में भाजपा प्रत्याशी बाबूराम पासवान के समर्थन में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस के लोग झूठा बहका रहे हैं। उसने पूछ लो की पुरानी पेंशन को किसने बंद किया। अब फिर पुरानी पेंशन बहाली का झूठ बोल रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधी बिलों में चले गए थे। अब प्रत्याशी बनकर बाहर आ रहे हैं। उन्होंने कहा- विपक्षी दलों ने लोगों को जातियों में बांटने का काम किया। अल्पसंख्यक, बहुसंख्यक को लड़ाने का काम किया। मंदिर बना तब सांप्रदायिकता आरोप लगाया गया पर सपा, बसपा, कांग्रेस के लोग मंदिर में दर्शन करने तक नहीं गए। उप मुख्यमंत्री यह भी बोले- राम भक्तों पर गोली चलवाओ और सांप्रदायिक नहीं कहलाआगे? अब यह नहीं हो सकता।
ममता पर किया वार, बोले-यूपी-बिहार वालों पर होते हैं बंगाल में हमले
उप मुख्यमंत्री ने विपक्षियों दलों के साथ बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सियासी वार किया। चुनाव में बंगाल से ममता को बुलाया गया है। बंगाल में यूपी, बिहार के लोगों पर हमले होते हैं। यूपी के लोगों को गाली देने का इनाम देने को यूपी में ममता को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि जाति बंधन में बंधने की जरूरत नहीं है। संकल्प के साथ मतदान करने की जरूरत है।
मंच पर ये रहे मौजूद
भाजपा प्रत्याशी बाबूराम पासवान, पूर्व मंत्री डॉ. विनोद तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, पूर्व विधायक प्रमोद जिला पंचायत अध्यक्ष पति गुरभाग सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आशुतोष दीक्षित, प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष नरेश पाल सिंह, अशोक खंडेलवाल, संजय सक्सेना, डॉक्टर तेज बहादुर सिंह आदि थे। संचालन प्रफुल्ल मिश्रा और भारतेंदु सिंह ने किया।
हेलिकॉप्टर देखने के लिए उमड़ी भीड़
पूरनपुर के बरात घर के हाल में करीब चार सौ लोग पहुंचे। तीन सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। भीड़ को लेकर कई लोगों को खड़ा होकर उप मुख्यमंत्री को सुनना पड़ा। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री का हेलिपैड सभा स्थल से करीब चार सौ मीटर दूर असम हाईवे के सिरसा चौराहा के समीप एक प्लाट में बनाया गया था। हेलिकाप्टर देखने वालों की हेलिपैड के समीप भीड़ उमड़ी।
सब रहें खुश, इसको लेकर दो मंच बनाए गए
पूरनपुर सभा में पहुंचने वाले प्रमुख लोग चुनाव के समय कहीं नाराज न हो जाए। इसको लेकर उप मुख्यमंत्री के मंच के समीप एक दूसरा मंच बनाया गया था।
संकल्प पत्र से महिलाओं, किसानों और छात्राओं को लुभाया
पूरनपुर/ बिलसंडा। बिलसंडा और पूरनपुर में उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने भाजपा के चुनावी संकल्प पत्र उल्लेख कर महिलाओं, छात्राओं और किसानों को आकर्षित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा गन्ना किसानों को 14 दिन के अंदर गन्ना मूल्य का भुगतान की सुविधा होगी। देरी पर ब्याज दिया जाएगा। निशुल्क गैस कनेक्शन लेने वालों को अब होली और दिवाली पर मुफ्त में सिलिंडर दिया जाएगा। साठ साल से उपर की महिलाओं को मुफ्त में यात्रा कराई जाएगी। सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। इंटर पास मेधावी छात्राओं को स्कूटी और मेधावी छात्रों को दो करोड़ मोबाइल और लैपटॉप दिए जाएंगे।
सेल्फी के लिए मंच पर मची धक्का-मुक्की, डिप्टी सीएम ने खुद समर्थक को हटाया
पूरनपुर। पूरनपुर में डिप्टी सीएम भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रबुद्ध मतदाता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे। इस सम्मेलन को संबोधित करने बाद 3.24 बजे तमाम समर्थक मंच पर पहुंचकर उनके साथ सेल्फी खिंचाने लगे। इस दौरान धक्का-मुक्की होने लगी। कुछ पलों के लिए अफरातफरी मच गई। एक समर्थक तो डिप्टी सीएम के बिल्कुल सामने आ गया। तब डिप्टी सीएम को धक्का देकर खुद उसे हटाना पड़ा। इसके बाद उन्होंने भाजपा मंच पर मौजूद नेताओं के साथ फोटो खिंचाया और हेलिपैड के लिए रवाना हुए। संवाद