पूरनपुर। अफसरों, किसानों और राइस मिलर्स में वार्ता के बाद राइस मिलों में दूसरे दिन हड़ताल समाप्त कर धान की खरीद शुरू कर दी गई। इससे आम किसानों को राहत मिली। एसडीएम कार्यालय में एकत्र हुए किसानों का कहना था कि उनको यूनियनों से मतलब नहीं है। वे राइस मिलर्स के साथ हैं। किसानों ने राइस मिलर नेता के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट में जांच के बाद कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को कई किसान एसडीएम कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। किसानों का कहना था कि वे लोग धान की बिक्री करना चाहते हैं। राइस मिलर्स की हड़ताल के चलते उनका धान नहीं बिक पा रहा है। उन लोगों को किसी किसान यूनियन से कोई मतलब नहीं है। इस पर एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने राइस मिलर्स एसोसिएशन के नेताओं को बुलवाकर किसानों की वार्ता कराई।
किसानों का कहना था कि वे स्वेच्छा से राइस मिलर को धान की बिक्री करना चाहते हैं। वे राइस मिलर्स के साथ हैं। राइस मिलर की सुरक्षा की मांग पर एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, सीओ प्रतीक दहिया ने सुरक्षा का आश्वासन दिया। एसोसिएशन के संरक्षक अजमेर सिंह छीना का कहना था कि वे लोग तो पहले ही धान की खरीद कर रहे थे। बेवजह का दबाव और झूठी एफआईआर के विरोध में हड़ताल करनी पड़ी।
किसानों ने राइस मिलर्स को उनके साथ होने का आश्वासन दिया। राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, सचिव विनय गुप्ता ने बताया कि उनका प्रतिनिधि मंडल बृहस्पतिवार को डीएम से भी मिला था। अफसरों ने सुरक्षा की गारंटी दी है। इसके चलते शुक्रवार दोपहर को राइस मिलर्स की हड़ताल समाप्त कर दी गई। साथ ही धान की खरीद शुरू कर दी है। एसडीएम, सीओ से मिलने वाले किसानों में अंग्रेज सिंह, दिलबाग सिंह, चिरमल सिंह, प्रगट सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, चरनजीत सिंह, गुरनाम सिंह, लवप्रीत सिंह, कुलदीप सिंह आदि शामिल रहे।
सीधी खरीद बंद न होने, नीलामी में धान की बिक्री शुरू न होने पर आंदोलन करेगी भाकियू
पूरनपुर। भाकियू (अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह के आवास में हुई पंचायत में सीधी खरीद बंद न होने और नीलामी से मंडी में धान की बिक्री न होने पर रोष व्यक्त किया गया। पंचायत में शीध्र ही सीधी खरीद बंद न होने, नीलामी में धान की बिक्री शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। शीघ्र ही सीधी खरीद बंद न होने और मंडी समिति में नीलामी से धान की बिक्री शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। संवाद