पीलीभीत। सुनगढ़ी थाने के मोहल्ला नौगवां पकड़िया में घर में घुसकर युवती को गोली मारकर घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी की निशानदेही पर तमंचा भी बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने युवती से प्रेम-प्रसंग की बात कही। पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।
घटना दो फरवरी की रात सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवां पकड़िया की है। दीवार फांदकर घर में घुसे युवक ने युवती पर पुराने मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया। युवती के मना करने पर आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया था। पैर में गोली लगने से युवती घायल हो गई थी। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हाल निवासी बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के सुरेश नगर निवासी विमल गुप्ता व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
बृहस्पतिवार रात पुलिस ने सूचना के आधार पर शहर के निकट से आरोपी विमल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर ईदगाह फाटक के निकट झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त तमंचे को भी बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह युवती के साथ लिव इन रिलेशन में बरेली के एक मकान में रहता था। पूर्व में युवती के किसी अन्य से प्रेम संबंध होने की जानकारी हुई। इसके बाद युवती अपने घर चली आई। युवती को ले जाने के लिए वह घर आया। उनके मना करने पर उसने गोली चलाई थी। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।