अब डीएम ने सभी विभागों से इस तरह के कर्मियों की रिपोर्ट की तलब
बीसलपुर। एंटी करप्शन टीम की ओर से पकड़ा गया राजस्व निरीक्षक बुधवार को कोर्ट में पेश होने के बाद जेल भेज दिया गया। साथ ही उसे निलंबित भी कर दिया गया है। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों काे चेतावनी देते हुए ऐसे कर्मचारियों, लेखपाल व कानूनगो की रिपोर्ट तलब की है, जिन पर रिश्वतखोरी के आरोप लगाए गए हैं। ऐसे में इन लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी है।
बरेली से आई एंटी करप्शन की टीम ने मंगलवार को तहसील कार्यालय के राजस्व निरीक्षक हरि ज्ञान सिंह को मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी रिंकू गंगवार से खेत की पैमाइश कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंग हाथों गिरफ्तार किया था। टीम ने आरोपी राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। टीम ने बुधवार को पकड़े गए राजस्व निरीक्षक को बरेली स्थित एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इधर, एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि पकड़े गए राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। इस प्रकरण को लेकर तहसील में दूसरे दिन भी चर्चा होती रही। आरोपी राजस्व निरीक्षक बरेली के थाना भुता क्षेत्र के गांव अम्लोनीपुर का निवासी है।
डीएम के अनुसार, आरोपी राजस्व निरीक्षक की पहले से शिकायत मिलने के चलते उसको फील्ड से हटाकर एक अगस्त को बीसलपुर तहसील में अटैच किया गया था। आरोपी राजस्व निरीक्षक को निलंबित करने के साथ उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कराई गई है। संवाद
-
जो भी कर्मचारी शासन के मंशानुसार काम नहीं करेगा और गलत तरीके से लोगों को परेशान करता मिलेगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों की रिपोर्ट भी सभी तहसीलों से मांगी गई है।
-ज्ञानेंद्र सिंह, डीएम