अवैध कब्जा हटवाने पहुंचे तहसीलदार बैरंग लौटे
कस्बे में बाजार से सटी ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे की नियत से पूर्व प्रधान के भाई ने दीवार तोड़कर अवैध रूप से दरवाजा लगा दिया। इसकी शिकायत पर तहसीलदार कलीनगर गेट हटवाने पहुंचे, लेकिन महिलाओं के विरोध करने पर उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। कस्बे में ठाकुरद्वारा मंदिर के सामने स्थित बाजार की जमीन के साथ ग्राम समाज की कुछ जमीन खाली पड़ी है। काफी समय पहले विवाद होने पर मामला कोर्ट तक पहुंचा था जिसमें 2005 में सिविल कोर्ट ने इसे ग्राम समाज की बताया था। इधर सरकार बदलने के बाद गांव के कुछ स्वयं भू नेताओं की सह पर इस जमीन को कब्जाने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। पूर्व प्रधान रामौतार के भाई ने घर के पिछवाड़े की दीवार तोड़कर बड़ा सा गेट लगा दिया जो ग्राम समाज की इस जमीन में खुलेगा। जानकारी होने पर प्रधान किरन सिंह ने इसकी शिकायत पहले पुलिस से की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर उन्होंने एसडीएम कलीनगर से शिकायत की। बुधवार को एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार कलीनगर शेरबहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने लगाए गए गेट को अवैध पाते हुए हटाने के निर्देश दिए। राजस्व टीम गेट हटाने को आगे बढ़ी लेकिन पूर्व प्रधान के घर की महिलाएं आगे गई। चूंकि पुलिस बिना महिला सिपाहियों के साथ गई थी इसलिए राजस्व टीम को खाली लौटना पड़ा। इस बावत जानकारी करने पर तहसीलदार शेरबहादुर सिंह ने गेट गलत तरीकेे से लगाया गया है। इसे हटवाया जाएगा।