सरकारी गेहूं खरीद भले ही एक अप्रैल से शुरू होगी। मगर मंडी में नए गेहूं की आवक होने लगी है। बुधवार को मंडी में दो हजार क्विंटल से अधिक गेहूं की आवक दर्ज की गई। किसानों को इसके दाम के 1660 रुपये तक मिले। तराई के इस जिले में गेहूं प्रमुख फसल है। पिछले तीन-चार दिनों में एकाएक बढ़ी गर्मी के चलते गेहूं की फसल भी तेजी से पकने लगी है। इसके चलते किसानों ने कटाई शुरू कर दी है। पिछले दो दिनों से मंडी में गेहूं की आवक दर्ज की जा रही है। बुधवार को शहर की मंडी समिति में दो हजार क्विंटल से अधिक गेहूं की आवक दर्ज की गई। सरकारी खरीद प्रारंभ न होने और नमी के बावजूद किसानों को प्रारंभ से ही अच्छा मूल्य मिल रहा है। बुधवार को 1600 से लेकर 1660 रुपये प्रति क्विंटल तक गेहूं खरीदा गया। मंडी सचिव मनीष सिंह ने बताया नए गेहूं की आवक शुरू हो गई है। आवक बढने पर आढ़तों पर नीलामी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए आढ़तियों को भी निर्देश जारी किए हैं।