सेवानिवृत्त होने के एक साल बाद डिस्टलरी के कर्मचारी को बकाया देयों का भुगतान नहीं किया गया। इसके विरोध में कर्मचारी ने बृहस्पतिवार को डिस्टलरी गेट पर अनशन शुरू कर दिया है।
मझोला डिस्टलरी में स्टोर कीपर प्रभारी पद पर तैनात अभय भारत सिंह अक्तूबर 2014 में सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद आसवनी प्रबंधन ने उनका अदेय प्रमाणपत्र (एनओसी) तो जारी कर दिया लेकिन अभी तक ग्रेच्युटी एवं अन्य बकाया भुगतान नहीं किए हैं। इसके लिए उन्होंने कई बार पत्राचार किया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सात सितंबर को भी उन्होंने मिल प्रबंधन और डीएम को पत्र भेजकर डिस्टलरी पर बकाया 3.08 लाख रुपये का भुगतान दिलाने की मांग की थी। साथ ही भुगतान न होने पर 10 सितंबर से अनशन पर बैठने की चेतावनी दी थी। इस पत्र पर अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
इस पर बुधवार को पूर्व में दी गई चेतावनी के तहत अभय भारत सिंह डिस्टलरी गेट पर अनशन पर बैठ गए। उनके साथ परिवार व मिल के कुछ लोग भी साथ बैठे। भुगतान न मिलने से आहत कर्मचारी ने कहा कि प्रबंधन भुगतान न होने का कारण भी उन्हें नहीं बता रही है। उन्होंने बताया कि यदि अब भी सुनवाई नहीं हुई तो पूरे परिवार के साथ अनशन पर बैठकर भूखहड़ताल करेंगे।