पीलीभीत। अमरिया तहसील भवन के लिए सिंचाई विभाग की जमीन मिलने के बाद निर्माण की कवायद तेज हो गई है। कार्यदायी संस्था की ओर से शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। इसमें पहले चरण में गैरआवासीय भवन निर्माण की बात कही गई है।
सात साल पहले नवसृजित अमरिया तहसील सिंचाई विभाग के भवन में संचालित हो रही थी। सिंचाई विभाग की जमीन को लेने के लिए शासन स्तर पर लगी प्रक्रिया चलने के बाद इसी माह में जमीन राजस्व विभाग को दे दी गई। जमीन मिलने के बाद भवन निर्माण की राह भी आसान हो गई । बरेली की टीम ने यहां आकर मिट्टी की जांच की थी। जांच में मिट्टी भवन निर्माण के लिए उपयुक्त पाए जाने पर रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी।
लोक निर्माण विभाग बरेली की ओर से वहां पर गैरआवासीय भवनों के निर्माण के लिए प्रक्रिया को तेज कर दिया है। इस प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। वहां से भवनों की डिजाइन तैयार कर विभाग को भेजी जाएगी। अधिकारी डिजाइन आने का इंतजार रहे हैं। इसके आते ही निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाकर भेजा जाएगा। अधिशासी अभियंता संजीव कुमार ने बताया डिजाइन आने का इंतजार किया जा रहा है। पहले गैर आवासीय भवनों को बनाया जाएगा।