पूरनपुर। दो पक्षों में तीन दिन पहले हुई मारपीट में क्रास एनसीआर के मामले में पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एक पक्ष की ओर से दर्ज एनसीआर को गंभीर धाराओं में तरमीम कर दिया है। दो आरोपियों का चालान कर दिया गया। हंगामा करने वालों पर निषेधाज्ञा के उल्लंघन और लॉकडाउन के नियम तोड़ने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शेरपुरकलां निवासी इदरीस बेगम और मोहम्मद कैफ में तीन दिन पहले मारपीट हुई थी। पुलिस ने इदरीस बेगम की ओर से गांव निवासी मोहम्मद कैफ, शाहरुख, अनीस, नफीस और मोहम्मद कैफ की ओर से अजीम बेग, वसीम बेग, नदीम बेग, सैफ बेग पर एनसीआर दर्ज की थी। दोनों पक्षों में शुक्रवार अपरान्ह फिर झगड़ा हुआ। सूचना पर पहुंचे दरोगा अमित कुमार पाल से एक पक्ष के लोगों ने अभद्रता कर दी। पुलिस दोनों पक्षों के चार लोगों को पकड़ लाई थी। एक पक्ष के लोगों को छुड़ाने के प्रयास में कुछ लोग जुटे रहे। पुलिस ने तीन दिन पहले दर्ज एनसीआर को घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, जानलेवा हमला और बलवा की धारा में रिपोर्ट तरमीम कर दी। मोहम्मद कैफ और जफर खां का शनिवार को कोर्ट के लिए चालान कर दिया। दरोगा से अभद्रता करने वाले शेरपुरकलां निवासी युनूस, नाजिम, रेहान बेग, जावेद बेग, फैजान, जफर, फरजान, मोहम्मद अरशद पर लॉकडाउन और धारा 144 के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई।