पीलीभीत। जिला अस्पताल की ब्लड बैंक के बाहर सात हजार रुपये मांगकर साढ़े छह हजार रुपये में एक यूनिट खून का सौदा करने वाले युवक के विरुद्ध शुक्रवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
शहर के मोहल्ला नकासा निवासी अजय कुमार कश्यप का परिजन अस्पताल में भर्ती है। चिकित्सकों ने उसे खून की जरूरत बताई थी। इस पर वह ब्लड लेने जा रहा था, रास्ते में उसे मोहल्ले का ही महिपाल मिला, उसने अजय को खून दिलाने की बात कही। इस दौरान आरोपी ने उसे खून दिलाने के बदले सात हजार रुपये मांगे। इसके बाद रकम को कम करने की बात हुई। आखिर, खून का सौदा साढ़े छह हजार रुपये में तय हुआ। इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने सीसीटीवी कैमरों के जरिये संदिग्ध को पकड़ लिया। जानकारी सीएमएस डॉ. रमाकांत सागर को दी गई। उन्होंने आरोपी को पुलिस के हवाले करते हुए उस पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।