पूरनपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर बगैर निकाह बरात वापस ले जाने, युवती के पिता से मारपीट करने और टेंट उखाड़ने के मामले में पुलिस ने दूल्हा समेत सात आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। मुकदमा एसपी के आदेश पर लिखा गया।
घटना गांव ढका जमीमा पूरनपुर में 14 अप्रैल की है। गांव निवासी शाहबुद्दीन ने अपनी पुत्री शमा का निकाह मोहल्ला निवासी मौलाना मेराज से तय किया था। 14 अप्रैल को बरात आई। बरातियों को नाश्ता, खाना खिलाया गया। आरोप है कि दहेज में दिया गया सामान मौलाना मेराज ने अपने घर भिजवा दिया।
इसके बाद दहेज में बुलेट और दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर दूल्हे और उसके रिश्तेदारों, बरातियों ने शहाबुद्दीन से गाली-गलौज की। आरोप है कि दूल्हे और उसके रिश्तेदारों, बरातियों ने टेंट उखाड़ डाला, कुर्सियां उठाकर फेंक दी। बगैर निकाह किए बरात वापस ले गए। पुलिस ने शाहबुद्दीन की तहरीर पर दूल्हा मौलाना मेराज, उसके पिता मुन्ने, भाई मोहम्मद यूनुस उर्फ बबलू, आफाक उर्फ गुड्डू, उस्मान, शादाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।