पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पति अब भी हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। गांव भगवंतापुर की रामा देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने दूसरे दिन भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
गांव भगवंतापुर निवासी रामा देवी का उसके पति ओमप्रकाश से अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद पर सोमवार को रामादेवी की दरांति से वार कर हत्या कर दी गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ओमप्रकाश को हिरासत में लेकर रामादेवी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। घटना को लेकर दूसरे दिन भी किसी की ओर से घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई।
रामा देवी के मायके और ससुराल के बीच समझौता को लेकर पंचायत चलती रही। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले दरांति से हमला किया गया था दूसरे दिन मौत हुई है। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि रामादेवी की पीठ में धारदार हथियार के वार का निशान मिला है। उसे बुखार आने की बात भी पता चली है। घटना को लेकर अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।