शारदा डैम की तलहटी में जर्जर मार्ग का शुरू हुआ कार्य। संवाद
कलीनगर। तराई क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों के जिले के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से मुलाकात के बाद शारदा डैम की तलहटी में बंगाली कॉलोनियों तक जाने वाले जर्जर मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। वर्षों से खराब हालत में पड़े इस मार्ग के सुधरने से 50 हजार से अधिक की आबादी को राहत मिलेगी। कलीनगर तहसील क्षेत्र में स्थित शारदा डैम की तलहटी में छोटी-बड़ी 20 से अधिक कॉलोनियां बसी हुई हैं। डैम के नीचे उतरते ही सड़क की स्थिति बेहद खराब थी। खासकर बाढ़ प्रभावित कॉलोनियों से गुजरने वाले हिस्से में मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका था। इससे आवागमन में दिक्कतें आ रही थीं। इस समस्या को लेकर बंगाली समाज के प्रधान संघ के अध्यक्ष एवं मढ़ैया लालपुर के प्रधान शंकर चंद्र राय दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से मिले थे।
उन्होंने तराई क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए शारदा डैम के नीचे से गुजरने वाले जर्जर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता से कराने का अनुरोध किया था।
ज्ञापन में यह मांग भी उठाई गई कि शारदा सागर डैम के वर्जित क्षेत्र में बसे लोगों को 1171 एकड़ भूमि पर सर्वे कराकर पुनर्वासित किया जाए। प्रधान संघ अध्यक्ष ने कहा कि उक्त भूमि पर जिला अधिकारी का अधिकार है, ऐसे में सर्वे कराकर पात्र लोगों को वहां बसाया जाए और उन्हें मलकाना हक दिलाया जाए, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की बात को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद फिलहाल शारदा डैम के नीचे बाढ़ प्रभावित कॉलोनियों से गुजरने वाले मार्ग पर मरम्मत एवं निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल पर संतोष जताते हुए उम्मीद की है कि शेष समस्याओं का भी जल्द समाधान भी होगा। संवाद