मंगलवार की देर शाम गोवंशों की तस्करी की सूचना मिलने पर मौजूद हिन्दु संगठन के कार्यकर्ता स्रोत :
घुंघचाई। मटैना कालोनी के पास नहर किनारे पशुओं के अवशेष मिलने पर पहुंचे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रोष जताया। पुलिस ने जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव मटैना कालोनी के पास नहर किनारे कुछ पशुओं के अवशेष पड़े देखे गए। लोगों ने इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को दी। गो-सेवक एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर रोष व्यक्त किया। गो-सेवा प्रमुख शिवम सिंह भदोरिया ने बताया कि मंगलवार की शाम गो-सेवक सुनील यादव को सूचना मिली कि कुछ गोवंशीय पशु पेड़ से बंधे हैं। जानकारी लगने पर वह पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भिजवाने को कहा। गो-तस्करों पर कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता कर वहां से भगा दिया था। रात्रि में ही गोतस्करों ने बंधन मुक्त कराए गए पशुओं का मार दिया।
बुधवार को पशुओं के अवशेष मिलने से खलबली मच गई। लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कुछ अवशेष कसाइयों ने पेड़ से लटका दिए। इसको लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। मामले की सूचना मिलने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने मामले की सूचना फाेरेंसिक टीम को दी। थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना पर मौके पर गए थे। जांच में जो मामला निकल कर आएगा, उसी के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।