पीलीभीत। सावन माह के आखिरी सोमवार को लेकर शिवालय सज गए हैं। मंदिर कमेटियों की ओर से भव्य सजावट के साथ ही शिव भक्तों की भीड़ का आकलन कर व्यापक इंतजाम किए गए हैं । उम्मीद है कि इस बार पिछले सोमवार के मुकाबले दो गुनी भीड़ जलाभिषेक के लिए उमड़ेगी।
शहर के प्राचीन गौरीशंकर मंदिर, दूधियानाथ मंदिर, अर्द्धनारीश्वर मंदिर समेत कई शिवालयों में सावन के अंतिम सोमवार को शिव भक्तों का रेला उमड़ेगा। इसको लेकर भक्तों को व्यवस्थित रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रविवार को ही शिवालयों को सजाया गया। कांवड़ियों के कई जत्थे शनिवार रात में जल लेने के लिए बदायूं के कछला घाट के लिए धूमधाम से रवाना हुए थे। रविवार शाम से ही कांवड़ियों का पीलीभीत पहुंचना शुरू हो गया है। वह विश्राम मंडी समिति में ठहरे हैं। वहां पर शिव भजनों पर कांवडिंये जमकर थिरकते नजर आए। भोला कांवड़िया संघ की ओर से कांवड़ियों के लिए व्यापक इंतजाम किया गया। राजेश अग्रवाल बिछले ने बताया कि अंतिम सोमवार से पूर्व रविवार को भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। भक्तिमय रंगारंग कार्यक्रम भी हुए हैं। कांवड़िये रविवार रात के तीसरे पहर से जलाभिषेक के लिए शिवालयों की ओर कूच करेंगे। सर्वाधिक भीड़ प्राचीन गौरीशंकर मंदिर में रहेगी। इसको देखते हुए प्रशासन ने वहां पर भक्तों को कतारबद्ध करने के लिए बैरीकेडिंग की भी व्यवस्था की है। भारी फोर्स भी रहेगा। कांवड़ियों के रास्तों पर विशेष फोकस करते हुए पुलिस पिकेट लगाई गई है।