बीसलपुर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संवाद
पीलीभीत। बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को एक मशीन मिल गई है। इसे शीघ्र ही सीएचसी में स्थापित कराया जाएगा। सेवा शुरू होने से क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के हजारों मरीजों को राहत मिलेगी। लंबे समय से अल्ट्रासाउंड सुविधा न होने के कारण मरीजों, खासकर महिलाओं को निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा था।
बीसलपुर सीएचसी क्षेत्र के बड़े स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल है, जहां रोजाना सात से आठ सौ मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें महिला मरीजों की संख्या भी काफी रहती है। इसके बावजूद अस्पताल में अब तक अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इससे गर्भवती महिलाओं समेत अन्य मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों पर जाना पड़ता था।
क्षेत्रीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लंबे समय से सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराने की मांग उठाई जा रही थी। क्षेत्रीय विधायक भी इसको लेकर लगातार पैरवी कर रहे थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सेवा शुरू करने की प्रक्रिया तेज की।
सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि बीसलपुर सीएचसी के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था हो गई है। मशीन अस्पताल पहुंचने के बाद सेवा शुरू करा दी जाएगी। एक सप्ताह में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इससे क्षेत्र के मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। संवाद