पीलीभीत। शहर में बृहस्पतिवार सुबह हुई आधे घंटे की झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिल गई, लेकिन शहर में कई स्थानों पर जलभराव और कीचड़ फैला होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे आवागमन प्रभावित हुआ।
पिछले कई दिनों से उमस भरी भीषण गर्मी के बाद बृहस्पतिवार को जिले में सुबह से मौसम बदल गया। सुबह करीब पांच बजे के बाद तेज हवा के साथ आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। शहर के अलावा देहात के कुछ इलाकों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। हवा चलने से लोगाें ने गर्मी से राहत महसूस की।
आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर के स्टेशन रोड, अग्रवाल सभा मार्ग, चूड़ी वाली गली,आर्य समाज गली, ठेला चौकी से मोहल्ला वासिल आदि में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर कीचड़ फैला होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। बृहस्पतिवार की सुबह बारिश के बाद हल्की धूप निकली। करीब दस बजे मौसम ने फिर करवट ली और बादल छाए। इसके बाद हल्की बारिश भी हुई।
000
देहात क्षेत्रों में भी बूंदाबांदी, विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित
मझोला क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे मौसम ने करवट ली। बादल छाने के साथ ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। वहीं, बारिश और हवा से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रही। अमरिया क्षेत्र में भी सुबह बारिश से सड़कों के गड्ढों में पानी भर गया। इससे लोगों परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरनपुर नगर सहित क्षेत्र में सुबह करीब नौ बजे बूंदाबांदी हुई। पूरे दिन बादल छाए रहे।
बारिश से सब स्टेशन में आया फाॅल्ट, दो घंटे गुल रही शहर की बिजली आपूर्ति
-नकटादाना फीडर पर इंसुलेटर में दिक्कत आने से प्रभावित हुई बिजली
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से शहर के 132 केवीए सब स्टेशन में दिक्कत आ गई। इससे पूरे शहर के लगभग 42 हजार उपभोक्ताओं की बिजली करीब दो घंटे तक बाधित रही। मरम्मत कार्य होने के बाद बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सका। इसके अलावा भी शहर के विभिन्न इलाकों में छिटपुट दिक्कतें होती रही।
बृहस्पतिवार की सुबह शहर से सटे रूपपुर कमालू स्थित 132 केवीए सब स्टेशन पर फॉल्ट हो गया। इससे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। जानकारी लगते ही बिजली विभाग की टीम मरम्मत कार्य में लग गई। करीब पौन घंटे के बाद यहां की बिजली व्यवस्था को सुचारु किया जा सका। इसके बाद भी बिजली कटौती होती रही। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे नकटादाना स्थित ट्रांसफार्मर में इंसुलेटर में दिक्कत आ गई। इससे यहां की बिजली भी करीब एक घंटा तक बाधित रही।
शहर के सभी मोहल्लों में बिजली बाधित रही। इससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शहर के मोहल्ला अशोक कॉलोनी, एकता नगर, अवध नगर, निरंजकुंज कॉलोनी, नई बस्ती, सुनगढ़ी, राजीव कॉलोनी, तुलाराम सहित कई इलाकों में बिजली कटौती की समस्याएं होती रहीं।
शहर के ठेका चौकी मार्ग से जोशीटोला मोहल्ले जाने वाले मार्ग पर भरा पानी। संवाद- फोटो : संगठन