- 1495 स्कूलों में अभियान शुरू, कठिन शब्दों के सरल अर्थ समझाकर भाषा कौशल मजबूत करने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की भाषा दक्षता और पढ़ने की रुचि बढ़ाने के लिए रीडिंग गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। अभियान के तहत विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकें और पाठ पढ़वाए जा रहे हैं। साथ ही कठिन शब्दों के सरल अर्थ समझाकर उनकी शब्दावली और समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों में इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी 1495 परिषदीय विद्यालयों में रीडिंग गतिविधियों का संचालन शुरू करा दिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करना, भाषा पर पकड़ मजबूत करना और विषयों को बेहतर ढंग से समझने की क्षमता बढ़ाना है। विद्यालयों में शिक्षक प्रतिदिन निर्धारित समय पर विद्यार्थियों से पाठ, कहानी और अन्य रोचक सामग्री पढ़वा रहे हैं। पढ़ाई के दौरान आने वाले कठिन शब्दों के सरल अर्थ समझाए जा रहे हैं, ताकि बच्चे पाठ को आसानी से समझ सकें और उनका आत्मविश्वास भी बढ़े।
बीएसए रोशनी सिंह का कहना है कि नियमित अभ्यास से बच्चों की शब्दावली समृद्ध होगी। उच्चारण में सुधार आएगा और उनकी अभिव्यक्ति क्षमता भी बेहतर होगी। गतिविधियों के दौरान बच्चों को पढ़ी गई सामग्री पर चर्चा करने और प्रश्नों के उत्तर देने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि रीडिंग गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए।